Blog Manager
Universal Article/Blog/News module
प्रधान राजकुमार गोयल की अध्यक्षता में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिला अग्रवाल समाज
परिचय सम्मेलन को लेकर प्रधान राजकुमार गोयल की अध्यक्षता में
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिला जीन्द का अग्रवाल समाज
जींद : आगामी 07 सितम्बर को जींद के अग्रसेन स्कूल स्कूल में आयोजित होने वाले उत्तर भारत स्तरीय विवाह योग्य अग्रवाल युवक-युवती परिचय सम्मेलन को लेकर अखिल भारतीय अग्रवाल समाज जीन्द का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल की अध्यक्षता में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से उनके दिल्ली स्थित निवास पर मिला। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सावर गर्ग, महासचिव रामधन जैन, कोषाध्यक्ष पवन बंसल, प्रेस सचिव सोनू जैन, पिल्लूखेड़ा इकाई के संयोजक चंद्रभान गर्ग, दिल्ली से अग्रवाल समाज के वरिष्ठ नेता राजीव अग्रवाल, फरीदाबाद से परिचय सम्मेलन के संयोजक गौरव गर्ग सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को 07 सितम्बर को जीन्द में होने वाले भव्य परिचय सम्मेलन के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। उन्होने कहा कि इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक सुरक्षित, पारदर्शी और सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराना है, जहाँ वे अपने परिवारजनों की उपस्थिति में एक-दूसरे से परिचित होकर जीवनसाथी चुन सकें। सम्मेलन में शामिल होने वाले सभी प्रत्याशियों की परिचय पुस्तिका तैयार की जा रही है जो भविष्य में भी समाज के लिए एक महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान युवाओं के लिए प्रेरणादायक वक्तव्य, मार्गदर्शन सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा समाज की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डालने वाले विशेष आयोजन भी होंगे। इस समारोह में हरियाणा व आस पास के राज्यों से आए हजारों बंधुओं की मौजूदगी में सैकड़ों विवाह योग्य प्रत्याशी अपने जीवन साथी का चयन करेंगे। समारोह में अग्रवाल समाज के दर्जनों वरिष्ठ नेतागण विशेष रूप से शिरकत करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अग्रवाल समाज की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज ने हमेशा सेवा, शिक्षा और संगठन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन न केवल विवाह योग्य युवक-युवतियों को जीवनसाथी चुनने में मदद करेंगे बल्कि समाज में एकजुटता, सहयोग और नई ऊर्जा का भी संचार करेंगे। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन की सफलता हेतु अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की और विश्वास जताया कि यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत और आदर्श उदाहरण सिद्ध होगा।
