Blog Manager
Universal Article/Blog/News module
5 दिन से लापता जींद का छात्र पुलकित सिंगला हांसी में मिला, परिवार में खुशी की लहर
5 दिन से लापता जींद का छात्र पुलकित सिंगला हांसी में मिला, परिवार में खुशी की लहर
दो दिन पहले पुलकित को बरवाला में देखा गया था
जहाँ सीसीटीवी फुटेज में उसके साथ एक संदिग्ध व्यक्ति भी दिखाई दिया था
जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई थी
अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने
मुख्यमंत्री से इस मामले में मदद की गुहार लगाई थी
राजकुमार गोयल ने पुलिस प्रशासन का जताया आभार
जींद : पिछले पांच दिन से लापता जींद के डीएवी स्कूल का 17 वर्षीय छात्र पुलकित सिंगला आखिरकार हांसी में सकुशल मिल गया है। पुलकित के मिलने की खबर से परिवार, समाज और शहर में राहत की लहर दौड़ गई है। दो दिन पहले पुलकित को बरवाला में देखा गया था जहां सीसीटीवी फुटेज में उसके साथ एक संदिग्ध व्यक्ति भी दिखाई दिया था। यह फुटेज सामने आने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल ने मुख्यमंत्री से भी मदद की गुहार लगाई थी।
घटना की पूरी टाइमलाइन :
न्यू हाउसिंग बोर्ड जींद निवासी एडवोकेट नवीन सिंगला ने बताया कि उनका बेटा पुलकित 29 सितंबर को डीएवी स्कूल पढ़ने गया था जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। पुलकित उस समय स्कूल यूनिफॉर्म में था। परिवार की शिकायत पर जींद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और विभिन्न स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की। इन फुटेज में पुलकित के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति बार-बार नजर आया जिससे मामला और गंभीर हो गया।
हांसी में बरामद हुआ पुलकित :
शुक्रवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक जो पुलकित जैसा दिखता है हांसी में देखा गया है। जींद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और पुलकित को अपनी सुरक्षा में ले लिया। डॉ. राजकुमार गोयल जो शुरू से ही इस पूरे मामले में परिवार के साथ सक्रिय थे और लगातार पुलिस से संपर्क में थे को जैसे ही पुलकित के मिलने की जानकारी मिली उन्होंने तुरंत परिवार को सूचित किया। देर रात पुलिस पुलकित को लेकर सिविल लाइन थाना जींद पहुंची तो दृश्य भावुक कर देने वाला था। पिता नवीन सिंगला ने जैसे ही अपने बेटे को देखा तो गले लगाकर फूट-फूटकर रो पड़े। पुलकित भी पिता से लिपटकर जोर-जोर से रोने लगा। इस मौके पर अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजकुमार गोयल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
प्रारंभिक बयान में पुलकित का खुलासा :
बच्चा अभी सदमे में है। पूरी जानकारी नहीं दे पा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलकित ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की। उसे खाना तक नहीं दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्चे को जीन्द से कौन लेकर गया। यह संदिग्ध व्यक्ति कौन था। संदिग्ध व्यक्ति की आखिर मंशा क्या थी। जब पुलिस को सूचना मिली और बच्चे को कब्जे में लिया गया तो संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस क्यो नही पकड़ पाई। इस प्रकार के अनेकों ऐसे प्रश्न है जिसका जवाब पुलिस को देना होगा।
डॉ. राजकुमार गोयल ने उठाई गंभीर मांगें :
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल ने जींद के एसपी से मांग की है कि पुलिस यह स्पष्ट करे कि बच्चा किस लोकेशन से और किन हालातों में मिला, संदिग्ध व्यक्ति कौन था, पुलकित को कहां से उठाया गया और उसका मकसद क्या था। गोयल ने कहा कि इस संदिग्ध व्यक्ति को जल्द से जल्द पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि पुलकित जैसा कोई और मासूम भविष्य में ऐसी घटना का शिकार न हो।
